बीएचयू में पहली बार ज्योतिष ओपीडी को अस्पताल की तर्ज पर 8 विषयों में स्पेशलाइज्ड कर दिया गया है। जन्म कुंडली, मुहूर्त तिथि, विवाह-मेलापक, वास्तु के आधार पर जमीन का नक्शा बनाने, मिट्टी में सुधार, रत्नधारण और कर्मकांड कराने वाले लोगों को बांटकर ज्योतिषी परामर्श और समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मुहूर्त निकलवाने के लिए 100 रुपये, कर्मकांड परामर्श के लिए 250 रुपये, प्रोफेसर ज्योतिषाचार्य को जिले से बाहर ले जाने पर 21 हजार और जिले में 11 हजार रुपये चुकाने होंगे। वाहन खर्च अलग से देना होगा। इसमें 50% दक्षिणा भी शामिल है।
इससे पहले बीएचयू में सिर्फ कुंडली देखने-बनाने की ही सुविधा थी, जो 16 साल से चल रही थी। बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के ज्योतिष विभाग स्थित पंचांग यूनिट में इसके लिए एसी कार्यालय बना है। यहां छह दिन शाम चार से पांच बजे तक ओपीडी चलाई जाती है।
सात ज्योतिषाचार्यों का शेड्यूल जारी
नए शेड्यूल में 7 प्रोफेसरों के नाम पर छह दिन की ओपीडी तय की गई है। इसमें रोज 10 से 15 लोगों को देखा जा रहा है।
उपाय, राय और पूरी रिपोर्ट भी मिलेगी
विभागाध्यक्ष और ज्योतिष परामर्श केंद्र के समन्वयक प्रो. शत्रुघ्न त्रिपाठी ने बताया कि स्पेशलाइज करने से लोगों के लिए अच्छा ये होगा कि जो जिस समस्या को लेकर आएगा, उसका ही समाधान दिया जाएगा। उपाय, राय और पूरी रिपोर्ट बनाकर दी जाती है। फॉलोअप के लिए दोबारा फीस देनी होगी, हालांकि महीने भर में ही दोबारा आने पर ऐसा नहीं होगा।
किस सेवा के लिए कितना खर्च— सुविधा/तय कीमत
- मुहूर्त निकलवाना 100 रुपये
- रत्न धारण परामर्श 250 रुपये
- कर्मकांड परामर्श 250 रुपये
- जन्म, वर्ष कुंडली से भविष्य जानना 250 रुपये
- मिट्टी संशोधन 500 रुपये
- मानचित्र संशोधन 1,000 रुपये
- ज्योतिषाचार्य से जिले में सुविधा लेना 11,000 रुपये
- जिले से बाहर ले जाना 21,000 रुपये
Leave a comment