Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates भिंड में हनीट्रैप का जाल:बुजुर्ग का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मांगे पांच लाख, एक लाख वसूलने का आरोप – Honey-trap Gang Busted: ₹1 Lakh Extorted From A 52-year-old Man Through Blackmail
Latest Updates

भिंड में हनीट्रैप का जाल:बुजुर्ग का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मांगे पांच लाख, एक लाख वसूलने का आरोप – Honey-trap Gang Busted: ₹1 Lakh Extorted From A 52-year-old Man Through Blackmail

Share
Share


मध्य प्रदेश के भिंड जिले में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला समेत कुछ लोगों ने 52 वर्षीय बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और दुष्कर्म सहित एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे गए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने दबाव बनाकर एक लाख रुपये वसूल भी कर लिए। शिकायत के बाद देहात थाना पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

फोन पर जीजा कहकर जीता भरोसा, फिर मिलने बुलाया


पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत महिला आरोपी बेबी जाटव के फोन कॉल से हुई। आरोप है कि महिला ने बुजुर्ग को जीजा कहकर बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद 5 अक्टूबर को उसे सर्किट हाउस के पास मिलने के लिए बुलाया गया। महिला ने घर छोड़ने की बात कही, जिसके बाद बुजुर्ग उसे बाइक से रछेड़ी रोड स्थित कृष्णा नगर ले गया। आरोप है कि यहां महिला ने चाय पिलाने के बहाने बुजुर्ग को घर के अंदर बुलाया। इसी दौरान दोनों के बीच बने शारीरिक संबंधों का मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया।

पढे़ं: बाबा बागेश्वर की रथ यात्रा में पहुंचे मुस्लिम युवक सलमान खान, बोले- महाराज की शक्ति को प्रणाम करते हैं

वीडियो वायरल करने और केस में फंसाने की धमकी


पुलिस के अनुसार, वीडियो के जरिए बुजुर्ग को ब्लैकमेल किया जाने लगा। आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और दुष्कर्म व एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बदले पांच लाख रुपये की मांग की गई। बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से बुजुर्ग ने कथित तौर पर दो घंटे के भीतर एक लाख रुपये नकद दे दिए। बाकी चार लाख रुपये बाद में देने की बात कही गई। हालांकि, एक लाख रुपये देने के बाद भी कथित आरोपियों की मांग जारी रही। इससे परेशान होकर बुजुर्ग ने देहात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई।

समझौते के बहाने बुलाया, पुलिस ने मारा छापा


बताया जा रहा है कि मामले में समझौता कराने के बहाने बुजुर्ग को भारौली रोड स्थित एक मकान पर बुलाया गया। इसकी जानकारी उसने थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत को दी। पुलिस की योजना के तहत बुजुर्ग वहां पहुंचा, जहां विश्वनाथ उर्फ बिज्जू और बेबी जाटव समेत अन्य लोग मौजूद थे। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर विश्वनाथ उर्फ बिज्जू और बेबी जाटव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बबलू उपाध्याय मौके से फरार हो गया। मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

चार महीने में हनीट्रैप का दूसरा मामला


भिंड जिले में चार महीने के भीतर हनीट्रैप से जुड़ा यह दूसरा मामला बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ब्लैकमेल किया है या नहीं। फरार आरोपियों की तलाश के साथ मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कथित नेटवर्क और वसूली से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles