देश में ऑनलाइन खरीदारी, कैब बुकिंग, खाना मंगाने और टिकट बुक करने के लिए इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर एप और वेबसाइट ग्राहकों को गुमराह करने वाले तरीके यानी ‘डार्क पैटर्न’ अपना रहे हैं। कम्युनिटी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘लोकल सर्किल्स’ की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश के सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले 354 प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में से 334 (यानी 94 प्रतिशत) पर ऐसे भ्रामक तरीके पाए गए हैं। केवल 20 प्लेटफॉर्म ही डार्क पैटर्न से पूरी तरह मुक्त मिले हैं।
कैसे फंसाया जाता है ग्राहकों को?
डार्क पैटर्न के तहत वेबसाइट और एप का डिजाइन जानबूझकर इस तरह तैयार किया जाता है कि ग्राहक अनजाने में ऐसा फैसला ले ले, जिससे कंपनी को फायदा हो। रिपोर्ट में सामने आए प्रमुख तरीके:-
- जबरन चुनाव (67%): ग्राहकों से दबाव बनाकर या घुमा-फिराकर कोई विकल्प चुनवाना।
- छिपे हुए शुल्क (63%): शुरुआत में सामान या सेवा की कीमत कम दिखाना, लेकिन पेमेंट के समय अतिरिक्त शुल्क (हिडन चार्ज) जोड़ देना।
- भ्रामक पेशकश (50%): स्क्रीन पर एक चीज दिखाना और असल में दूसरी चीज पेश करना।
- डिजाइन से हेरफेर (48%): एप के इंटरफेस और रंग-रूप का इस्तेमाल कर ग्राहक के फैसले को प्रभावित करना। इसके अलावा बार-बार नोटिफिकेशन भेजना और किसी सब्सक्रिप्शन को बंद (कैंसिल) करने की प्रक्रिया को बेहद मुश्किल बनाना भी इसमें शामिल है।
खुद को पाक-साफ बताने वाली 74% कंपनियों के दावे निकले गलत
रिपोर्ट ने उन कंपनियों की भी पोल खोली है जिन्होंने सरकारी नियमों के तहत खुद को डार्क पैटर्न मुक्त घोषित किया था। केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) के सामने 31 कंपनियों ने हलफनामा दिया था कि उनके प्लेटफॉर्म पर कोई डार्क पैटर्न नहीं है। लेकिन जांच में इनमें से 23 कंपनियों (करीब 74%) के प्लेटफॉर्म पर अब भी ये खामियां पाई गईं। केवल आठ कंपनियां ही वास्तव में नियमों पर खरी उतरीं।
यह भी पढ़ें: Dark Pattern: क्या है डार्क पैटर्न? जिससे स्विगी, जेप्टो, ब्लिंकिट समेत 26 ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म हुए मुक्त
बैंकिंग से लेकर रेलवे टिकट बुकिंग तक हर जगह गड़बड़ी
कुल 45 सेक्टरों के आकलन में 37 सेक्टर ऐसे पाए गए, जहां एक भी प्लेटफॉर्म पूरी तरह नियमों का पालन करता नहीं दिखा। इनमें ऑनलाइन ग्रॉसरी, फूड डिलीवरी, कैब बुकिंग, ओटीटी (ओटीटी), ऑनलाइन बैंकिंग, रेलवे टिकट बुकिंग, एयरलाइंस, बीमा और ऑनलाइन गेमिंग जैसी रोजमर्रा की सेवाएं शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध (लिस्टेड) कंपनियों के 108 प्लेटफॉर्म में से भी 102 पर डार्क पैटर्न मौजूद मिले।
नए साल से सख्त होंगे नियम, देना होगा सालाना प्रमाणपत्र
ग्राहकों को इस जाल से बचाने के लिए सरकार ने ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए कड़े नियम बनाए हैं, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। नए नियमों के तहत कंपनियों को हर साल अपने प्लेटफॉर्म का ऑडिट (जांच) कराना होगा और अपनी वेबसाइट या एप पर प्रमुखता से यह प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) दिखाना होगा कि उनके प्लेटफॉर्म पर कोई डार्क पैटर्न नहीं है।
Leave a comment