Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला:मुंबई पुलिस के इनपुट पर बेगूसराय में छापेमारी, ऋतिक कुमार के परिजनों से पूछताछ – Tiger Shroff Firing Case: Raid In Begusarai On Mumbai Police Input, Hrithik Kumar Family Questioned
Latest Updates

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला:मुंबई पुलिस के इनपुट पर बेगूसराय में छापेमारी, ऋतिक कुमार के परिजनों से पूछताछ – Tiger Shroff Firing Case: Raid In Begusarai On Mumbai Police Input, Hrithik Kumar Family Questioned

Share
Share


बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में बेगूसराय का कथित कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर बेगूसराय की रतनपुर थाना पुलिस ने जिला मुख्यालय के पिपरा मोहल्ले में पहुंचकर ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के परिजनों से पूछताछ की। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, फायरिंग की घटना में ऋतिक की भूमिका या संलिप्तता की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुंबई पुलिस के इनपुट पर बेगूसराय में जांच

जानकारी के अनुसार, मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच के दौरान ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इसके बाद मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर बेगूसराय पुलिस ने उसके परिवार से संबंधित जानकारी जुटाई।

इसी क्रम में रतनपुर थाना पुलिस पिपरा मोहल्ले पहुंची और परिवार के सदस्यों से ऋतिक के मुंबई जाने, वहां रहने और उससे हाल में हुई बातचीत के संबंध में पूछताछ की। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

पिपरा चौक के पास कपड़े और नाश्ते की दुकान चलाते हैं पिता

ऋतिक के पिता रामू महतो पिपरा चौक के पास कपड़े की दुकान चलाते हैं। इसके साथ ही वह नाश्ते की एक छोटी दुकान भी संचालित करते हैं। परिवार का स्थायी घर मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा में बताया गया है, जबकि ऋतिक की शादी इटवा मोहल्ले में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, ऋतिक करीब दो महीने पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था। वहां वह एक गेस्ट हाउस में काम करता था और वहीं रह रहा था। परिवार का कहना है कि पुलिस के घर पहुंचने के बाद उन्हें इस मामले की जानकारी मिली। इसके बाद से वे भी बेटे से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।



पढे़ं: टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग कांड में बिहार कनेक्शन, बेगूसराय के युवक को पुलिस ने कहां पकड़ा?



मोबाइल स्विच ऑफ, परिवार की बढ़ी चिंता


ऋतिक के पिता रामू महतो ने बताया कि पुलिस उनके घर पहुंची थी और बेटे के बारे में जानकारी ली थी। इसके बाद से वह लगातार ऋतिक से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ बता रहा है। पिता ने बेटे पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि उनका बेटा ऐसी घटना में शामिल हो सकता है। हालांकि, ऋतिक की भूमिका के संबंध में स्थिति पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

मां से करीब 10 दिन पहले हुई थी आखिरी बातचीत

ऋतिक की मां संयुक्ति देवी ने बताया कि उनकी बेटे से करीब 10 दिन पहले बातचीत हुई थी। उस समय ऋतिक मुंबई में ही था। उन्होंने बताया कि सोमवार को भी बेटे को फोन किया गया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। परिवार के अनुसार, ऋतिक रोजगार के सिलसिले में मुंबई गया था। फायरिंग मामले में उसका नाम सामने आने की जानकारी के बाद परिजन उससे संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।

फायरिंग मामले में बेगूसराय का कथित कनेक्शन, जांच जारी

अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच के बीच बेगूसराय में पुलिस की पूछताछ के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का इस घटना से क्या संबंध है और मुंबई पुलिस को उसके बारे में क्या जानकारी मिली है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल, मामले में ऋतिक की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बेगूसराय पुलिस की कार्रवाई को मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर जानकारी जुटाने की प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles