Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates मणिपुर में फिर हिंसा:पहले कूकी महिला की हत्या, अब चार नागा नागरिकों को गोलियों से भूना; कौन फैला रहा दहशत? – Manipur Violence Four Naga Civilians Killed After Kuki Woman Murder
Latest Updates

मणिपुर में फिर हिंसा:पहले कूकी महिला की हत्या, अब चार नागा नागरिकों को गोलियों से भूना; कौन फैला रहा दहशत? – Manipur Violence Four Naga Civilians Killed After Kuki Woman Murder

Share
Share


मणिपुर में हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सेनापति जिले में एक कूकी महिला की हत्या के ठीक एक दिन बाद शुक्रवार को उखरुल जिले में चार नागा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध उग्रवादियों ने इंफाल-उखरुल सड़क पर न्यू हेवन इलाके में दो चार पहिया वाहनों को निशाना बनाया। दोपहर करीब एक बजे हुई इस गोलीबारी में दोनों गाड़ियों में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को वाहनों की विंडशील्ड पर गोलियों के निशान भी मिले हैं।

किन लोगों की गई जान?

इस हमले में शांगशक गांव की रहने वाली हाओलीला और उनके बेटे कपांगखुई की मौत हुई है। वहीं, दूसरी गाड़ी में सवार ताशार गांव के ऑगस्ट नगालुंग और उनकी बहन खानमिला भी मारे गए। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त बल भी भेजे गए हैं।

एक दिन पहले सेनापति में क्या हुआ था?

उखरुल में चार नागा नागरिकों की हत्या से एक दिन पहले पड़ोसी सेनापति जिले में 42 वर्षीय कूकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में दो पुरुष भी घायल हुए थे। वहां दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच गोलीबारी हुई थी। उखरुल के एक कूकी संगठन ने इन हत्याओं में कूकी-जो समुदाय की किसी भी भूमिका से इनकार किया है। कूकी सीएसओ वर्किंग कमेटी ने कहा कि बिना ठोस और सत्यापित सबूतों के पूरे समुदाय को इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।

नागा समुदाय के नेताओं और विपक्ष ने सरकार से क्या कहा?

मणिपुर के उपमुख्यमंत्री एल. दिखो ने हत्याओं की निंदा करते हुए लोगों से बातचीत और शांति का रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में काफी खून बह चुका है और हिंसा या बदले की कार्रवाई से किसी घाव को नहीं भरा जा सकता। उन्होंने सामाजिक संगठनों, गांव के प्रतिनिधियों और युवा नेताओं से बातचीत में शामिल होने की अपील की।

वहीं, कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर शांति का रोडमैप तैयार करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र ने कहा कि पिछले 24 घंटे में पांच लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोगों को सुरक्षा कब मिलेगी और सरकार इन हत्याओं की जिम्मेदारी कब लेगी। उनके मुताबिक, न्याय सुनिश्चित किए बिना मणिपुर में शांति नहीं आ सकती।

यह भी पढ़ें: आज से बंगलूरू मेट्रो की पिंक लाइन का संचालन: पीएम मोदी ने एक दिन पहले दिखाई थी हरी झंडी, जानें समय सारिणी

सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए?

मणिपुर पुलिस ने बताया कि इलाके में बीएसएफ, सेना, असम राइफल्स और राज्य पुलिस के अतिरिक्त जवान भेजे गए हैं। हमलावरों को पकड़ने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

मई 2023 में मैतेई और कूकी समुदायों के बीच शुरू हुए जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है। 49 लोग अब भी लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। इसके अलावा, पहाड़ी जिलों में कूकी और नागा समुदायों के बीच इस साल फरवरी से हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles