Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates कोटा पुलिस का खुलासा:कहां भागना चाहते थे टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले आरोपी? जनरल डिब्बे से कैसे पकड़े गए – Tiger Shroff Firing Case Three Accused Arrested Kota Mumbai Haryana
Latest Updates

कोटा पुलिस का खुलासा:कहां भागना चाहते थे टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले आरोपी? जनरल डिब्बे से कैसे पकड़े गए – Tiger Shroff Firing Case Three Accused Arrested Kota Mumbai Haryana

Share
Share


बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में राजस्थान की कोटा सिटी पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, सोमवार सुबह मुंबई पुलिस से सूचना मिली थी कि गोलीबारी की घटना में शामिल तीन लोग ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने महज 15 मिनट में कार्रवाई करते हुए पुणे-जयपुर एक्सप्रेस की तलाशी ली और तीनों को हिरासत में ले लिया। अब उन्हें मुंबई पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। पुलिस को सुबह करीब 9:45 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, निकास मार्गों और अन्य स्थानों पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया। तलाशी अभियान के दौरान तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

कौन हैं टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हिरासत में लिए गए तीन लोग?

एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। ऋतिक पिछले कुछ वर्षों से महाराष्ट्र के मुंबई में रह रहा था। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वह मुंबई में रैपिडो चलाता था। एसपी ने बताया कि रेहान और नाबालिग सोनीपत में मजदूरी करते थे। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है, ताकि गोलीबारी की घटना में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

दिल्ली से नेपाल भागने की थी तैयारी

एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि तीनों ट्रेन से दिल्ली जाने और वहां से नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर कोटा सिटी पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई और पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी लेकर तीनों को हिरासत में लिया।

रेहान के संपर्क में था अनिल पंडित

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि रेहान पहले अनिल पंडित के संपर्क में था। एसपी के मुताबिक, अनिल पंडित का लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ाव बताया गया है। पुलिस इस संपर्क और गोलीबारी की घटना के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, यह जानकारी प्रारंभिक पूछताछ पर आधारित है। कथित साजिश और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर विस्तृत जांच होना बाकी है।

गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार अब तक बरामद नहीं

एसपी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल तीनों के पास से गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां हैं और घटना के बाद उनका क्या किया गया। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुंच गई है। पूछताछ और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद मुंबई पुलिस मामले की आगे जांच करेगी।

18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में हुई थी गोलीबारी

जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी हुई थी। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की थी।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles