Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates न्याय:पत्नी और तीन साल के मासूम बेटे को कुल्हाड़ी से काट डाला, हैवान पिता को दोहरे आजीवन कारावास की सजा – Sehore: Father Gets Double Life Imprisonment For Brutally Killing Wife And 3-year-old Son
Latest Updates

न्याय:पत्नी और तीन साल के मासूम बेटे को कुल्हाड़ी से काट डाला, हैवान पिता को दोहरे आजीवन कारावास की सजा – Sehore: Father Gets Double Life Imprisonment For Brutally Killing Wife And 3-year-old Son

Share
Share


सीहोर जिले में पत्नी और तीन वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में अपर सत्र न्यायालय बुधनी ने आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा को दोहरे आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी पर कुल 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। मामले में प्रत्यक्षदर्शी की गवाही, चिकित्सकीय साक्ष्य और एफएसएल की वैज्ञानिक रिपोर्ट अभियोजन के लिए अहम साबित हुई।

पत्नी और मासूम बेटे पर कुल्हाड़ी से किया था हमला

अभियोजन के अनुसार, घटना 27 जुलाई 2023 की सुबह करीब 6:30 बजे ग्राम सरदारनगर, थाना शाहगंज की है। उस सुबह दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने घर के अंदर वाले कमरे से अपने भतीजे राघवेंद्र की चीख-पुकार सुनी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में दिनेश ने लात मारकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया। कमरे में आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा हाथ में धारदार कुल्हाड़ी लिए अपने बेटे राघवेंद्र की कलाई पर वार करने का प्रयास कर रहा था। दिनेश ने तत्काल हस्तक्षेप कर राघवेंद्र को बचाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कमरे में आरोपी की पत्नी मोना विश्वकर्मा और तीन वर्षीय बेटा वेदांत रक्तरंजित अवस्था में मृत पड़े थे। दोनों की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए गए थे।

ये भी पढ़ें- उज्जैन: खड़े हनुमानजी की प्रतिमा में दरार और प्लास्टर गिरने का दावा, विस्थापन की आशंका पर भक्तों में नाराजगी

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और खून से सनी शर्ट जब्त

घटना की सूचना मिलते ही तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज वाडेकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना शाहगंज में अपराध क्रमांक 151/2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 323 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक राजेंद्र उइके ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घर के पीछे बाथरूम के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की धारदार कुल्हाड़ी और उसकी रक्तरंजित शर्ट जब्त की। क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल), भोपाल की जांच रिपोर्ट में आरोपी की शर्ट और बिस्तर की गोदड़ी पर मानव रक्त पाए जाने की पुष्टि हुई।

प्रत्यक्षदर्शी की गवाही बनी अहम कड़ी

न्यायालय में सुनवाई के दौरान शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज रघुवंशी ने मामले की पैरवी की। चश्मदीद गवाह और घायल बालक राघवेंद्र, फरियादी दिनेश विश्वकर्मा, चिकित्सक और विवेचना अधिकारियों के बयान न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा वैज्ञानिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर अभियोजन ने आरोपी के विरुद्ध आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित किया।

दोहरी उम्रकैद और 10 हजार रुपये का अर्थदंड

मामले की सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायालय बुधनी ने गणेशराम विश्वकर्मा (35), पिता गिरीश विश्वकर्मा, निवासी ग्राम सरदारनगर, तहसील बुधनी, जिला सीहोर को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषसिद्ध ठहराया। न्यायालय ने उसे दोहरे आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही प्रत्येक अपराध के लिए पांच-पांच हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर प्रत्येक शीर्ष में तीन माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *