Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates पटना की हवा की सेहत बेहद खराब:आतिशबाजी के कारण कहां 300 के पार पहुंचा Aqi; कौन सा इलाका कितना प्रदूषित? – Patna Air Quality Deteriorates, Aqi Crosses 300 At Two Monitoring Stations Air Pollution
Latest Updates

पटना की हवा की सेहत बेहद खराब:आतिशबाजी के कारण कहां 300 के पार पहुंचा Aqi; कौन सा इलाका कितना प्रदूषित? – Patna Air Quality Deteriorates, Aqi Crosses 300 At Two Monitoring Stations Air Pollution

Share
Share


हर साल दिवाली के बाद पटना की हवा खराब हो जाती है। पटाखे और आतिशबाजी के कारण हवा की सेहत खराब हो गई। लेकिन, इस साल स्थिति बेहद ही खराब है। दिवाली की मध्य रात्रि को कुछ इलाकों में एक्यूआई का स्तर 400 पार पहुंच गया था। सोमवार को वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। शहर की हवा अब खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद (बीएसपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, पटना के सभी छह सक्रिय वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 200 के पार दर्ज किया गया है। इनमें दो केंद्रों पर एक्यूआई 300 का आंकड़ा पार कर गया है।

राजवंशी नगर में सबसे अधिक 309 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि गवर्नमेंट हाई स्कूल शिकारपुर में यह 307 रहा। इन दोनों इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। वहीं, डीआरएम ऑफिस दानापुर में 289, समनपुरा में 287 और आईजीएससी प्लेनेटेरियम कॉम्प्लेक्स में 278 एक्यूआई दर्ज किया गया। मुरादपुर में भी एक्यूआई 209 रहा। यानी शहर के किसी भी निगरानी केंद्र पर हवा की गुणवत्ता मध्यम या संतोषजनक श्रेणी में नहीं है। ऐसे में पटना के लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ रही है। आइये जानते हैं शहर के अलग-अलग इलाकों में कहां की हवा सबसे ज्यादा खराब है।

राजवंशी नगर और शिकारपुर में सबसे ज्यादा प्रदूषण

पटना के छह सक्रिय निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में राजवंशी नगर और शिकारपुर की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। दोनों जगह एक्यूआई 300 के पार पहुंच चुका है। वहीं, दानापुर, समनपुरा और तारामंडल इलाके में भी प्रदूषण का स्तर 250 से अधिक दर्ज किया गया है। मुरादपुर में सबसे कम 209 एक्यूआई रहा, लेकिन यहां भी हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।

दिवाली पर पटना की हवा कैसी: राजधानी में कहां-कहां 200 के पार पहुंचा AQI, कौन सा इलाका सबसे प्रदूषित? जानिए

पिछले साल दीपावली के बाद 210 तक पहुंचा था एक्यूआई

पिछले साल दीपावली के बाद भी पटना की हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ी थी। 20 अक्टूबर 2025 को शहर का एक्यूआई 159 था, जो अगले दिन बढ़कर 210 पहुंच गया था। इस तरह महज 24 घंटे में एक्यूआई में करीब 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। 21 अक्टूबर को शिकारपुर में एक्यूआई 256, समनपुरा में 236, दानापुर में 229 और मुरादपुर में 227 तक पहुंच गया था। नवंबर के शुरुआती दस दिनों में भी आठ दिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई थी।

इस बार चार जगहों पर बनाए गए अस्थायी निगरानी केंद्र

पिछले साल के अनुभव को देखते हुए बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने इस बार दीपावली के दौरान प्रदूषण की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की है। पटना में चार स्थानों पर अस्थायी निगरानी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बोरिंग रोड चौराहा स्थित कृष्णा एजेंसी के पास, शास्त्रीनगर का बेल्ट्रॉन भवन, औद्योगिक क्षेत्र स्थित पर्यावरण भवन और कंकड़बाग स्थित भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण कार्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों पर पीएम 2.5, पीएम 10, सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे प्रदूषकों की निगरानी की जा रही है। एक से 15 नवंबर तक चलने वाले विशेष अभियान में वायु गुणवत्ता की 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था है। वहीं, ध्वनि प्रदूषण का आकलन शाम छह बजे से रात 12 बजे तक किया जा रहा है।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत

विशेषज्ञों की मानें तो एक्यूआई 300 के पार पहुंचने पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में मानी जाती है। ऐसी स्थिति में लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से स्वस्थ लोगों को भी सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा या सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे लोगों को खुले में लंबे समय तक रहने और अधिक शारीरिक गतिविधियों से बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, सांस लेने में परेशानी, खांसी या आंखों में जलन जैसी शिकायत होने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles