भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने 13 साल लंबे सफर पर विराम लगा दिया है। सफेद जर्सी में भारत के लिए खेलना उनके जीवन का बेहद खास हिस्सा रहा। शमी ने अपने विदाई संदेश में कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट से विदा ले रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादों से कभी नहीं। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया।
View this post on Instagram
नई और पुरानी दोनों गेंदों से स्विंग हासिल करने के साथ सीम मूवमेंट और रिवर्स स्विंग कराने में माहिर शमी ने दुनिया के कई मुश्किल मैदानों पर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया। ऑस्ट्रेलिया के पर्थ से लेकर दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग तक उन्होंने कई यादगार स्पेल डाले। उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में आया, जहां उन्होंने 56 रन देकर छह विकेट झटके थे। आइए जानते हैं शमी के टेस्ट करियर के पांच सबसे यादगार गेंदबाजी प्रदर्शनों के बारे में…

2 of 7
शमी
– फोटो : mdshami.11
5. सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5/44, ऐतिहासिक जीत में निभाई अहम भूमिका
दिसंबर 2021 में दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन में खेले गए टेस्ट में शमी ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का दम दिखाया। उन्होंने पहली पारी में 44 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। सुपरस्पोर्ट पार्क की पिच पर उन्होंने सीम मूवमेंट का शानदार इस्तेमाल किया और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान किया।
इस प्रदर्शन के दौरान शमी ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 200 विकेट भी पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पांचवें तेज गेंदबाज बने। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में 113 रन से जीत दर्ज की। सेंचुरियन में मिली यह जीत इसलिए भी खास थी, क्योंकि भारत ने इस मैदान पर पहली बार टेस्ट मुकाबला जीता था।

3 of 7
मोहम्मद शमी
– फोटो : X
4. विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5/35, दूसरी पारी में फिर बरपाया कहर
अक्तूबर 2019 में दक्षिण अफ्रीका के भारत दौरे पर विशाखापत्तनम टेस्ट में शमी ने अपनी दूसरी पारी की गेंदबाजी से एक बार फिर सबको प्रभावित किया। मुकाबले की दूसरी पारी में उन्होंने 35 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। पांचवें दिन पिच से तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी, लेकिन शमी ने अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। उन्होंने फाफ डुप्लेसिस और क्विंटन डिकॉक जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया। भारतीय टीम ने यह मुकाबला 203 रन से अपने नाम किया। दूसरी पारी में शमी की गेंदबाजी ने भारत की जीत को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाई।

4 of 7
मोहम्मद शमी
– फोटो : ANI
3. जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5/28, मुश्किल पिच पर किया कमाल
जनवरी 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जोहानिसबर्ग टेस्ट में शमी ने एक और यादगार प्रदर्शन किया था। वांडरर्स की चुनौतीपूर्ण पिच पर भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 241 रन के लक्ष्य का बचाव करना था। दूसरी पारी में शमी ने 28 रन देकर पांच विकेट झटके।
चौथे दिन उनकी सटीक गेंदबाजी ने दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। इस पांच विकेट के प्रदर्शन की मदद से भारत ने मुकाबला 63 रन से जीत लिया। विदेशी धरती पर मिली यह जीत भारतीय टीम के लिए काफी अहम थी। शमी का यह स्पेल उनके करियर के सबसे प्रभावशाली प्रदर्शनों में गिना जाता है।

5 of 7
मोहम्मद शमी
– फोटो : ANI/ICC
2. डेब्यू टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 9 विकेट, पहली ही सीरीज में छोड़ी छाप
शमी ने नवंबर 2013 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल नौ विकेट हासिल किए थे। पहली पारी में उन्होंने 71 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 47 रन देकर पांच बल्लेबाजों को आउट किया।इस तरह उन्होंने मैच में 118 रन देकर नौ विकेट अपने नाम किए। उनकी रिवर्स स्विंग और सटीक गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज टिक नहीं सके। भारत ने यह मुकाबला पारी और 51 रन से जीता था। किसी भारतीय तेज गेंदबाज के लिए टेस्ट डेब्यू पर नौ विकेट लेना बड़ी उपलब्धि थी। शमी ने अपने पहले ही टेस्ट से बता दिया था कि वह लंबे समय तक भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा बनने वाले हैं।
Leave a comment