गाजियाबाद में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा हो रही है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम योगी मंच पर पहुंचे और कांग्रेस समेत विपक्ष पर जमकर हमला बोला। मंच पर सीएम योगी के भाषण शुरू होते ही लोगों ने भगवान राम, हनुमान, कृष्ण और महादेव के जयकारे लगाए। इसे पहले गाजियाबाद सांसद, यूपी कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और विधायक मुरादनगर अजीतपाल त्यागी ने मंच से अपनी बात कही। मंच से संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भव्य पदयात्रा अंतिम पड़ाव पर पहुंची।
ऐसे लोगों का लोकतंत्र की बात करना हास्यास्पद: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंडी गठबंधन के खिलाफ दूधेश्वर नाथ की जमीन पर इकट्ठा हुए है। कांग्रेस स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे प्राचीन लोकतंत्र पर सवाल उठा रही है। भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस का काम हो गया है। ये वही कांग्रेस है, जिसने 1975 में आपातकाल लागू किया। ऐसे लोगों का लोकतंत्र की बात करना हास्यास्पद लगता है।
सीएम योगी ने की पीएम की खुलकर तारीफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मौके मिला तो कॉमनवेल्थ, कोल, समेत लाखों करोड़ के घोटाले और सुरक्षा को सेंध लगने के बाद जनता में विश्वास खो दिया। मोदी सरकार में भारत की बदलती तस्वीर को देखा है। 2014 से पहले आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्ट्राचार था। अब इससे मुक्त है। भारत आज टॉप 4 अर्थव्यवस्था में है। कांग्रेस और उनके सहयोगी आज सिर्फ बैरियर बनना चाहते है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कांग्रेस और उसके सहयोगी दल के दिल्ली में प्रदर्शन के पीछे कारण क्या है? एक ही कारण है क्योंकि पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत ने पहचान बनाई है, विरासत और विकास की यात्रा को शानदार तरीके से आगे बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सिर्फ कटघरे में खड़ा करके रुकावट बनना चाहते हैं।
सीएम योगी ने राहुल गांधी पर कसा तंज
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज की स्थिति ये हो गई है कि वह बार-बार फेल हो जाता है। जब रिजल्ट का पूछा तो बोलते है मैंने तो लिखा था लेकिन मास्टर जी ने कॉपी बदल दी। फिर दोबारा रिजल्ट आने पर कहा कि इस बार पेपर में प्रश्न सेलेबस के बाहर के थे। तीसरी बार पूछने पर कहा कि मैं जब पेपर लिखने बैठा तो पेन की स्याही समाप्त हो गई। फिर रिजल्ट के समय पर चौथी बार भी पास नहीं होता है। इस बार कहते हैं कि सामने वाला तेजी से लिख रहा था। जिससे ध्यान बैठ गया। ऐसी स्थिति कांग्रेस की है।
‘राम लला 500 वर्ष तक गुलामी या तंबू में रहे’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में कहा कि राम लला 500 वर्ष तक गुलामी या तंबू में रहने को मजबूर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा राम भक्तों से लड़ते थे, जबकि आज अयोध्या में त्रेता युग का स्मरण होता है। योगी ने दलितों के लिए लाखों प्रधानमंत्री आवास बनने और गाजियाबाद में पूर्वांचल व उत्तराखंड भवन के निर्माण का भी जिक्र किया।
‘चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया’
उन्होंने बताया कि पहले सड़कों पर गड्ढे थे, लेकिन अब एक्सप्रेसवे की शृंखला है और सार्वजनिक परिवहन को बेहतर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानों को सम्मान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता और तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे अब किसान आत्महत्या नहीं करते और खुशहाल हैं। योगी ने सुरक्षा पर बोलते हुए कहा कि पहले जवानों पर हमले पर कांग्रेस ‘देखेंगे’ कहती थी, लेकिन अब घर में घुसकर मारा जाता है। उन्होंने जोर दिया कि अब आतंकवाद से प्रमुखता से लड़ा जा रहा है और कोई भारत की तरफ आंख उठाने से डरता नहीं है। सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि 80 करोड़ लोगों को राशन, 56 करोड़ बैंक खाते, 12 करोड़ शौचालय और 3.30 करोड़ घर बनाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर पांच दशकों में कुछ न कर पाने का आरोप लगाया। कोरोना काल में प्रधानमंत्री लोगों के साथ खड़े थे, मुफ्त राशन के साथ मुफ्त टीका की व्यवस्था की गई। कांग्रेस ने इस पर भी सवाल उठाए थे।
सीएम योगी का विपक्ष पर हमला
विपक्ष पर हमला सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्ष बाद प्राणप्रतिष्ठा में कांग्रेस और सपा नहीं आईं, क्योंकि उन्होंने इसका विरोध किया था। उन्होंने विपक्ष पर विकास में रोड़े डालने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि जनता कांग्रेस को जान गई है, जिसके 20 राज्यों में खाता तक नहीं खुला और कई राज्यों में वह दशकों से सत्ता से बाहर है। उन्होंने कांग्रेस पर अपने नकारेपन का ठीकरा चुनाव आयोग, ईवीएम और एसआईआर पर फोड़ने का आरोप लगाया।
समाजवादी पार्टी पर भी कसा तंज
कांग्रेस और सपा के इतिहास पर सवाल मुख्यमंत्री ने 1 नवंबर 1985 को कांग्रेस द्वारा सिखों के कत्लेआम का जिक्र किया, जिस दिन कांग्रेस शोक मनाने के बजाय जश्न मना रही थी। उन्होंने सपा के इतिहास पर भी सवाल उठाए, कहा कि चार बार सरकार रहने के दौरान लोगों के बीच कहावत थी कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा होता था, उसके अंदर कुख्यात गुंडा बैठा होता था। योगी ने कहा कि सपा सरकार में कई दंगे हुए, और अब वे लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं। उन्होंने विपक्ष के आंदोलन को लोकतंत्र नहीं, बल्कि अपने परिवार को बचाने का प्रयास बताया, इसलिए भाजपा लोकतंत्र बचाने के लिए पदयात्रा निकाल रही है।
योगी आदित्यनाथ की भव्य पदयात्रा, झलक पाने को उमड़ा जनसैलाब
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भव्य पदयात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। हाथ में राष्ट्रीय ध्वज थामे आगे बढ़ रहे मुख्यमंत्री को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर समर्थकों और आम जनता का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। पदयात्रा के पूरे मार्ग में भारी उत्साह का माहौल देखा गया, जहां मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आए। पदयात्रा मार्ग पर कड़े सुरक्षा घेरे के साथ-साथ जगह-जगह मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद बैरिकेड्स के भीतर मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। छतों और रास्तों पर खड़े नागरिकों ने पुष्प वर्षा और नारेबाजी के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच अनुशासित ढंग से आगे बढ़ते हुए पदयात्रा अब पूर्णता की ओर है। पदयात्रा समापन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला सीधे हिंडन के लिए रवाना होगा। मुख्यमंत्री के हिंडन आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और संबंधित मार्ग पर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग बोले- पीएम के पिता को गाली दी, इसलिए यहां इकट्ठा हुए
वहीं दूसरी तरफ गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता को गाली देने वाली को ईंट का जवाब पत्थर से देने के लिए लोग इकट्ठा हुए हैं। यूपी कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि विपक्ष अराजकता से सफल नहीं होगा। विपक्ष के पाप ही इतने है। राम से अस्तित्व को नकार दिया। कांग्रेस को राम से माफी मांगनी चाहिए। जबकि विधायक मुरादनगर अजीतपाल त्यागी ने कहा कि 16 साल पहले देश भ्रष्टाचार में डूबा हुआ था।
राज नगर एक्सटेंशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पदयात्रा के दौरान क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह चोक हो गईं। पदयात्रा में शामिल होने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता पहुंचे, जिसके चलते सुबह से ही इलाके में वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। अव्यवस्था का आलम यह रहा कि लोग घंटों जाम में फंसे रहे और नौकरीपेशा लोग समय पर अपने दफ्तर नहीं पहुंच सके।
11:30 बजे ही फुल हो गई पार्किंग
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से पार्किंग के इंतजाम किए गए थे, लेकिन कार्यकर्ताओं के वाहनों और बसों की आवक के आगे वे नाकाफी साबित हुए। सुबह 11:30 बजे तक ही अधिकृत पार्किंग स्थल पूरी तरह फुल हो गए। इसके बाद बसें और गाड़ियां बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे ही खड़ी कर दी गईं।
सड़कें पड़ीं छोटी, जनसभा स्थल में नहीं बची जगह
मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों के अवैध खड़े होने से सड़क बेहद संकरी हो गई। सुबह 10:00 बजे से ही वाहनों का दबाव बढ़ता गया और देखते ही देखते राज नगर एक्सटेंशन की रफ्तार थम गई। पुलिस प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में पूरी तरह नाकाम नजर आया। इसके साथ ही जहां जनसभा होनी थी, वहां भी लोगों की भारी भीड़ के कारण ज्यादा जगह नहीं बची।
बिना कार्यक्रम देखे लौटने को मजबूर हुए लोग
जनसभा स्थल पर जगह न होने के कारण लोग अंदर प्रवेश नहीं कर सके, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग बाहर से ही वापस लौटने लगे। जाम और अव्यवस्था के कारण न केवल आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ी, बल्कि कार्यक्रम में पहुंचे कई समर्थक भी परेशान दिखे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग वापस लौट गए। क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि लचर प्लानिंग का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा।
Leave a comment