Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates आतिशबाजी और खुशियों के बीच दीपावली का जश्न:पूर्व राष्ट्रपति कोविंद से मिले पीएम, दिवाली की शुभकामनाएं दीं – Diwali 2026 Live Updates Pm Modi President Murmu, India And World Diwali 2026 Celebrations News
Latest Updates

आतिशबाजी और खुशियों के बीच दीपावली का जश्न:पूर्व राष्ट्रपति कोविंद से मिले पीएम, दिवाली की शुभकामनाएं दीं – Diwali 2026 Live Updates Pm Modi President Murmu, India And World Diwali 2026 Celebrations News

Share
Share


11:56 PM, 08-Nov-2026

दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू ने यूपीएससी अभ्यर्थियों के साथ मनाई दिवाली, चाय पर की बातचीत

दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने दिवाली की शाम ओल्ड राजेंद्र नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ बिताई। उन्होंने उन छात्रों से मुलाकात की, जो अपनी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए त्योहार पर भी दिल्ली में रुके हुए थे। संधू ने एक स्थानीय चाय की दुकान पर अभ्यर्थियों के साथ चाय पी और मिठाइयां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने छात्रों से उनकी तैयारी, भविष्य की उम्मीदों और सिविल सेवा परीक्षा की चुनौतियों पर बातचीत की। संधू ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें और अनुभव साझा किए।

11:12 PM, 08-Nov-2026

तेलंगाना सीएम ने इंदिराम्मा आवास योजना के लाभार्थियों के साथ मनाई दिवाली 

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को दिवाली मनाई। उन्होंने विकाराबाद जिले के कोडंगल विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान सरकार की ‘इंदिराम्मा’ आवास योजना के लाभार्थियों के साथ त्योहार मनाया।

मुख्यमंत्री ने कोडंगल के परसापुर गांव में एक लाभार्थी के नवनिर्मित इंदिराम्मा आवास का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने उसी घर में दोपहर का भोजन भी किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार, मंत्री और अन्य नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने भी शादनगर विधानसभा क्षेत्र में इंदिरम्मा आवास योजना के लाभार्थियों के साथ दिवाली मनाई।

 

11:09 PM, 08-Nov-2026

दुनियाभर के दूतावासों ने भारत के साथ मनाया रोशनी का पर्व

भारत और दुनिया भर में रविवार को लोग दीपावली का जश्न मना रहे हैं। इस मौके पर कई देशों के दूतावासों और उच्चायोगों ने भी लोगों को रोशनी के इस त्योहार की शुभकामनाएं दीं।

भारत में स्थित ग्रीस के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट पर दीपावली की बधाई देते हुए अपने समारोह की कुछ झलकियां भी साझा कीं।

दूतावास की ओर से पोस्ट किए गए वीडियो में ग्रीक राजनयिकों ने दीपावली से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए। उनसे उनकी पसंदीदा दीपावली मिठाई, भारत में उनकी सबसे यादगार दीपावली और ऐसी कौन-सी दीपावली परंपरा है जिसे वे अपने देश ले जाना चाहेंगे, जैसे सवाल पूछे गए।

एक राजनयिक ने कहा, हमारे सभी भारतीय दोस्तों के लिए मेरी दीपावली की शुभकामना है कि आपकी जिंदगी काजू बर्फी की तरह मीठी हो। शुभ दीपावली।

एक अन्य राजनयिक ने कहा, मैंने दीपावली के बारे में एक बात सीखी है कि रोशनी सिर्फ मनाने की चीज नहीं है, बल्कि इसे दूसरों के साथ बांटने का एक तरीका भी है। अगर रोशनी लोगों को जोड़ सकती है, तो उसकी कोई सीमा नहीं होती। 

यूरोपीय संघ के भारत स्थित प्रतिनिधिमंडल ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी दीपावली के अवसर पर लोगों को बधाई दी। भारत में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने भी दीपावली का उत्सव मनाया।

फिलिप ग्रीन की ओर से ‘एक्स’ पर साझा की गई तस्वीरों में दूतावास के अधिकारी पारंपरिक भारतीय कपड़ों में नजर आए और उत्साह के साथ नृत्य करते दिखे।

ग्रीन ने लिखा, सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। उच्चायोग परिवार के साथ दीपावली मनाना हमेशा खास होता है। इस बार यह और भी विशेष है क्योंकि भारत में उच्चायुक्त के रूप में यह मेरी आखिरी दीपावली है। यह दिन गर्मजोशी, त्योहार की खुशियों और ढेर सारे नृत्य से भरा यादगार दिन रहा।

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, हमारे उच्चायोग के दीपावली समारोह की कुछ और झलकियां। रंगों, रोशनी, हंसी और त्योहार की खुशियों से भरा दिन, जब हमारा पूरा उच्चायोग परिवार रोशनी के इस पर्व को मनाने के लिए एक साथ आया।

भारत में यूक्रेन के दूतावास ने भी दीपावली के मौके पर शुभकामनाएं दीं। ‘एक्स’ पोस्ट पर साझा किए गए एक वीडियो में भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सेंडर पोलिशचुक ने कहा, नमस्ते और हैप्पी दीपावली। हम अपने सभी भारतीय मित्रों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं, खासकर उन भारतीयों को जो इन कठिन परिस्थितियों में यूक्रेन में हमारे साथ रह रहे हैं। दीपावली की रोशनी गर्मजोशी, उम्मीद, शांति और बेहतर दिनों का संदेश लेकर आए। रोशनी की जीत हो। 

10:47 PM, 08-Nov-2026

पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से की मुलाकात: परिवार को दीं दिवाली की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोविंद और उनके परिवार को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्हें दिवाली के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले प्रधानमंत्री राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। यहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं। इसके बाद पीएम मोदी पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर भी पहुंचे। उन्होंने आडवाणी को उनके जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

10:36 PM, 08-Nov-2026

दिवाली पर रोशनी से जगमगाया रांची

झारखंड की राजधानी रांची में दिवाली के मौके पर शहर की इमारतों और सड़कों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। शाम होते ही शहर का नजारा रोशनी से जगमगा उठा।

10:09 PM, 08-Nov-2026

तेलंगाना: उपमुख्यमंत्री विक्रमार्क ने गांव-गांव जाकर परिवारों के साथ मनाई दिवाली

तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने मधिरा विधानसभा क्षेत्र में ‘मा इंदिरम्मा इंटिलो दीपावली’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान वह पांच मंडलों के कई गांवों में पहुंचे। उन्होंने गांव-गांव जाकर परिवारों के साथ दिवाली मनाई। इस मौके पर इंदिरम्मा इल्लू योजना के लाभार्थी भी शामिल हुए। यह कार्यक्रम योजना के लाभार्थियों के घरों में दिवाली मनाने के लिए आयोजित किया गया था।

 

10:06 PM, 08-Nov-2026

सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाकर पीएम ने पेश की मिसाल: शाजिया इल्मी

भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री हर साल सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाकर एक मिसाल पेश कर रहे हैं। इससे उनका मनोबल बढ़ता है और उन्हें प्रोत्साहन मिलता है। इस साल उन्होंने सीआरपीएफ जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर को चुना। इससे एक मजबूत संदेश गया है।

उन्होंने आगे कहा, एक समय था, जब बस्तर में नक्सलवाद और डर का माहौल था। यहां स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों तक पहुंच भी सीमित थी। आज इस क्षेत्र में बदलाव, विकास और नई उम्मीद दिखाई दे रही है। 

08:51 PM, 08-Nov-2026

तमिलनाडु: मदुरै में आतिशबाजी के साथ दिवाली का जश्न

तमिलनाडु के मदुरै शहर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोगों ने पटाखे फोड़कर और फुलझड़ियां जलाकर खुशियां मनाईं। शहर में जगह-जगह आतिशबाजी की गई। ड्रोन से लिए गए वीडियो में आसमान में पटाखों की रोशनी और शहर में दिवाली का उत्साह दिखाई दिया।

07:42 PM, 08-Nov-2026

मलयेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम ने भी दिवाली की शुभकामनाएं दीं

मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की सांस्कृतिक विविधता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया। अनवर ने एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने मलयेशिया के भारतीय समुदाय के लोगों के साथ दिवाली समारोह में शामिल होने की जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, मैंने मानव संसाधन मंत्री वाईबी रामानन रामकृष्णन के घर का दौरा किया। इसके बाद भारतीय समुदाय के दोस्तों के साथ एमआईसी और एमआईईडी के 2026 दीपावली ओपन हाउस कार्यक्रम में शामिल हुआ। एमआईसी के अध्यक्ष तन श्री एसए विग्नेश्वरन भी वहां मौजूद थे। 

अनवर इब्राहिम ने मलयेशिया में अलग-अलग संस्कृतियों के महत्व को बताया। उन्होंने कहा, यही सांस्कृतिक विविधता मलयेशिया को खास बनाती है। हमें इसका जश्न मनाना चाहिए, इसे बनाए रखना चाहिए और इसकी रक्षा करनी चाहिए।  मलयेशियाई प्रधानमंत्री ने देश में शांति और स्थिरता बनाए रखने की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, इस प्यारे देश में शांति और स्थिरता बनाए रखना निश्चित रूप से हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। हैप्पी दीपावली!

07:39 PM, 08-Nov-2026

त्रिनिदाद-टोबैगो की पीएम कमला प्रसाद ने दी दिवाली की बधाई

त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने दिवाली मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने त्योहार के मौके पर एकता, सांस्कृतिक विविधता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ दिवाली मनाने की अपील भी की।

त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने एक्स पर दिवाली का संदेश साझा किया। उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही पटाखों के इस्तेमाल से जुड़े ‘संक्षिप्त अपराध (संशोधन) अधिनियम, 2025’ के नियमों का पालन करने को कहा।

प्रधानमंत्री ने कहा, दिवाली के खूबसूरत त्योहार को मनाते समय मैं सभी नागरिकों को पटाखों के इस्तेमाल से जुड़े संक्षिप्त अपराध (संशोधन) अधिनियम, 2025 के प्रावधानों की याद दिलाना चाहती हूं। 

कमला प्रसाद-बिसेसर ने कानून के नियमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक छुट्टियों के दिन रात 8 बजे से 9 बजे के बीच पटाखे जलाए जा सकते हैं। इसके लिए किसी अनुमति की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने यह भी बताया कि कानून के तहत कुछ जगहों के आधे मील के दायरे में पटाखे जलाने पर रोक है। इन जगहों में अस्पताल, हवाई अड्डे, चिड़ियाघर और रजिस्टर्ड पशु आश्रय शामिल हैं। इसके अलावा, पशुपालन वाले फार्म, वन क्षेत्र और राष्ट्रीय उद्यान भी इस दायरे में आते हैं।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles