Current Date & Time
Current Date & Time
Home Latest Updates महाराष्ट्र:आग की बढ़ती घटनाओं के बीच मुंबई में रॉकेट और हाई-रिस्क पटाखों के इस्तेमाल पर रोक, किसने पूछे सवाल? – Maharashtra: Use Of Rocket And High-risk Firecracker Banned In Mumbai Amid Rising Fire Incident, Ncp-sp, Aimim
Latest Updates

महाराष्ट्र:आग की बढ़ती घटनाओं के बीच मुंबई में रॉकेट और हाई-रिस्क पटाखों के इस्तेमाल पर रोक, किसने पूछे सवाल? – Maharashtra: Use Of Rocket And High-risk Firecracker Banned In Mumbai Amid Rising Fire Incident, Ncp-sp, Aimim

Share
Share


मुंबई में हाल के दिनों में पटाखों से आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (अर्बन डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी) ने रॉकेट और इसी तरह के पटाखों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 9 नवंबर से 25 नवंबर की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा। जारी निर्देशों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पटाखों से आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। विशेष रूप से रॉकेट जैसे पटाखों के आसपास की इमारतों की छतों, बालकनियों, खिड़कियों तथा अन्य ज्वलनशील स्थानों पर गिरने से आग लगने का खतरा बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें: ‘कांग्रेस को ईद में होली क्यों नहीं दिखती?’: खरगे के बयान पर नितेश राणे हमलावर, कांग्रेस नेताओं को दी चुनौती

प्राधिकरण ने कहा कि मुंबई की घनी आबादी, ऊंची इमारतों, झुग्गी-झोपड़ियों, संकरी सड़कों तथा बड़ी संख्या में मौजूद आवासीय और व्यावसायिक परिसरों को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की विभिन्न धाराओं के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जारी इस आदेश के अनुसार, प्रतिबंध आवासीय इमारतों, छतों, बालकनियों, आंगनों, पार्किंग स्थलों, स्लम क्षेत्रों और अन्य सभी स्थानों पर लागू होगा। प्राधिकरण ने संबंधित जोनल पुलिस उपायुक्तों, नगर निगम के सहायक आयुक्तों तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आदेश का सख्ती से पालन करें और प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों का उपयोग न करें।

दरअसल, मुंबई में दीपावली के अवसर पर कई जिलों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं को कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मुंबई के विद्या विहार, डोंगरी और जोगेश्वरी इलाके में रविवार रात आग लग गई। आग लगने की घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस ने बयान जारी किया है। पुलिस का कहना है कि अभी आग की असली वजह सामने नहीं आई है। वहीं, पुणे में दीपावली के लक्ष्मीपूजन के दौरान कई इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सतारा रोड, मंगलवार पेठ, रेंज हिल्स समेत पूरे शहर में आग लगी, जिससे त्योहार के दौरान दमकल सेवा पर काफी दबाव पड़ा। पुणे फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम ने बताया कि इस साल आग की घटनाओं की कुल 94 सूचनाएं मिलीं।

इस फैसले के बाद विपक्ष ने प्रशासन पर निशाना साधा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने मेयर ऋतु तावड़े पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने सवाल किया कि अब मेयर को लोगों की सुरक्षा की चिंता हो रही है, लेकिन जब अभिनेत्री दीया मिर्जा ने पटाखों के खिलाफ जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया था, तब उन्होंने उनका विरोध क्यों किया था? क्रास्टो ने कहा कि तावड़े ने उस समय टिप्पणी की थी कि हिंदुओं को दिवाली मनाने का तरीका सिखाने के लिए दीया मिर्जा की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने सुरक्षा से जुड़े संदेश को सांप्रदायिक रंग दिया। उन्होंने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। वहीं, एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने 25 नवंबर तक रॉकेट और हवा में फूटने वाले पटाखों पर रोक लगाने के फैसले को लेकर मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े की आलोचना की। फैसले के समय पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद प्रतिबंध लगाने का क्या मतलब है, जबकि पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण और आग की घटनाओं को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी। समय रहते कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण मुंबई में आग लगने की कई घटनाएं हुईं और लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने भेजा नोटिस: दर्ज होगा बयान; 2013 के किस मामले से जुड़ा है विवाद?

वारिस पठान ने कहा कि मेयर ऋतु तावड़े ने पटाखों पर रोक लगाने का फैसला काफी देर से लिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बड़ी देर कर दी मेहरबान आते-आते। अब क्या? जब चिड़िया चुग गई खेत। पठान ने कहा कि मुंबई हाई कोर्ट की ओर से पटाखों के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए थे। अभिनेत्री दिया मिर्जा ने भी दिवाली मनाने के साथ पटाखों से परहेज करने की अपील की थी। पटाखे सेहत के लिए नुकसानदायक हैं और इनसे प्रदूषण फैलता है। इसके बावजूद उनकी अपील पर ध्यान नहीं दिया गया। फायर ब्रिगेड को मिली कॉल और आग की घटनाओं के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एक दिन में 142 कॉल फायर ब्रिगेड को गए। इनमें 137 आग लगने की घटनाएं पटाखों की वजह से हुईं। उन्होंने सवाल किया कि जब मेयर ने पहले पटाखों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताने वालों का विरोध किया था और लोगों से कहा था कि उन्हें पता है कि दिवाली कैसे मनानी है, तो अब अचानक पटाखों पर रोक लगाने की जरूरत क्यों महसूस हुई? उन्होंने कहा कि मेयर को बताना चाहिए कि इतने दिनों तक इस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया गया।



Source link

Share

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *